Site logo

Muni Shri 108 Pujya Sagarji Maharaj – Jeevan Gatha – 1

Previous

Next

मेरी जीवन गाथा ! मोक्ष मार्ग पर आरोहण - अंतर्मुखी मुनी श्री १०८ पूज्य सागरजी महाराज

(अंतर्मुखी मुनि श्री १०८ पूज्य सागर महाराज के ९वें दीक्षा दिवस पर श्रीफल जैन न्यूज में उन्हीं की कलम से उनकी जीवनगाथा प्रस्तुत की जा रही है।)

१. अहसास

घर में था, तब भी विचार आते थे कि कभी शादी नहीं करूंगा, समाज सेवा के लिए जीवन समर्पित करूंगा। लोगों के दुख-दर्द में काम आऊंगा। यों तो मुझे धर्म से कुछ विशेष लगाव नहीं था लेकिन निकट के मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होते या मंदिर को सजाना आदि होता तो मैं उसमें हिस्सा जरूर लेता। माता पिता, दादा-दादी के साथ तीर्थयात्रा भी की। सामाजिक कार्य करते-करते परहित में कई बार लड़ाई-झगड़ा भी किया। मन के भीतर पत्रकार का जुनून भी था, इसलिए पत्रकारिता से भी परहित साधा। दोस्तों के सहयोग के लिए भी आगे रहता और इन सब के कारण पुलिस स्टेशन में २-३ दिन रहा। अदालत से जमानत भी हुई। मेरा पढ़ाई में मन नहीं लगता था। मन में यह सोच लिया था कि जब दुकान ही करनी है तो पढ़ाई करने का फायदा ही क्या। हालांकि शिक्षकों का कभी अनादर नहीं किया। राजनीति करने का जुनून भी था। पत्रकारिता और राजनीतिक संगठन में कई पदों पर भी रहा। स्कूल में, स्कूल से बाहर लड़ाई झगड़ा भी होते थे लेकिन मन के अंदर के एक कोने में धर्म और धर्मात्माओं के प्रति आदर का भाव था।

इस सब बातों से मुझे एक बात का अहसास हुआ कि सामाजिक कार्यों से दया, करुणा का भाव तो आ सकता है पर भावों की निर्मलता नहीं बन सकती। अपनी शक्ति, विचार, क्षमता को जानने के पहले हमें धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़ना चाहिए और उसके बाद सामाजिक कार्यों से जुड़ना चाहिए। तभी दया, करुणा के साथ स्वयं के भाव निर्मल होते हैं। यह बात तो स्पष्ट इन सब से अधिक आनंद और पुण्य का संचय स्वयं के आत्म चिंतन से ही होता है।

२. यात्रा
जनवरी १९९८ की बात है। आचार्य श्री वर्धमान सागर जी महाराज के संघ में विजय और राजू भाई दोनों ब्रह्मचारी थे। उनकी १० फरवरी, १९९८ में दीक्षा होनी थी। उनमें से विजय भैया मेरे मामा के लड़के थे। उनकी गोद भराई हमारे गांव पिपलगोन में हुई। उसी दिन मैं उनके साथ उनकी दीक्षा में जाने के लिए उनके साथ निकल गया। उस समय मेरी उम्र करीब साढ़े १७ साल की रही होगी। हम पिपलगोन से निकल कर सनावद पहुंचे, जो दोनों भैया का जन्मस्थान भी था। वहां ८-१० दिन दीक्षा के उपलक्ष्य में धार्मिक कार्यक्रम हुए, उसके बाद हम वहां से इंदौर आए।
यहीं से दीक्षा स्थल बिजौलिया (राजस्थान) जाना था। यहां दोनों भैया के मन में न जाने क्या आया, पता नही लेकिन इन्होंने बस का समय गलत बता दिया। जब मैं इंदौर के बस स्टैंड पहुंचा तो वहां से कोटा की बस निकल चुकी थी। पता किया कि धोती-लुपट्टे में दो लोग अभी एक बस में निकल गए हैं। मैंने भी मन सोच लिया कि अब तो जाना ही है तो मैं दूसरी बस में कोटा के लिए निकल गया। अगले दिन सुबह- सुबह कोटा बस स्टैंड पर उतर कर वहां से आगे बिजौलिया की बस लेने टिकिट काउंटर पर पहुंचा तो विजय और राजू भैया भी टिकिट लेने लाइन में लगे थे। मैंने पूछा कि मुझे क्यों गलत समय बताया तो कुछ असंतुष्ट सा जवाब मिला। फिर भी हम सब एक साथ कोटा से बिजौलिया के लिए निकल गए। सुबह-सुबह दोनों भैया जी के साथ बिजौलिया क्षेत्र पर आचार्य श्री के दर्शन किए। मन में बहुत खुशी थी कि आज इतने बड़े आचार्य श्री के दर्शन हुए हैं। उनका प्यार, वात्सल्य मिला तो मन और भी आनंदित हुआ। वहीं पर आचार्य श्री की संघस्थ आर्यिका श्री वर्धित मति माता जी के दर्शन हुए।

Previous

Next

You cannot copy content of this page